13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा महोत्सव मनाया जाएगा – जागरूकता के लिए नगर निगम परिसर से 1 अगस्त को निकलेगी बाइक रैली

देवास। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अंतर्गत शहर में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाकर हर घर तिरंगा महोत्सव मनाया जाएगा। इस हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ नगर पालिक निगम द्वारा महोत्सव मनाने की तैयारी जा रही है। इसके अंतर्गत 1 अगस्त को बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है।
आयुक्त विशालसिंह चौहान ने शहर के प्रबुद्ध गणमान्य नागरिक, रहवासी संघ, सामाजिक गुरु, सामाजिक संस्थाएं, व्यापारी संघ एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के साथ बैठक आहूत कर ज्यादा से ज्यादा नागरिकों के इस महोत्सव में भाग लेने हेतु चर्चा की। बैठक में आमंत्रित सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं धर्मगुरुओं द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को बड़े रूप में मनाए जाने पर सहमति दी। साथ ही सुझाव भी दिए। हर घर तिरंगा महोत्सव मनाए जाने की शुरुआत में 1 अगस्त को नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान में जागरूकता लाने के लिए तिरंगे के साथ बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। नागरिक अपने दोपहिया वाहन के साथ सुबह 8 बजे नगर निगम प्रांगण में एकत्रित होकर रैली में शामिल हो सकते हैं।