शहर की यातायात व्यवस्था सुगम हो, निगम कार्यालय में हुई बैठक तहसील चौराहे से लेकर सुभाष चौक तक एकांकी मार्ग किया जाना प्रस्तावित है

देवास। शहर में यातायात सुगम हो इसको लेकर डीएसपी के साथ यातायात थाना प्रभारी ने निगम में बैठक महापौर, सभापति, आयुक्त, नेता सत्तापक्ष के साथ ली। जिसमें शहर के अव्यवस्थित यातायात को सुगम बनाने के लिए चर्चा की। इस दौरान भोपाल चौराहे से रसूलपुर चौराहे तक आवागमन सुचारू रूप से करने के लिए मैजिक वाहनों को क्रमानुसार चलाया जाएगा। साथ ही निर्धारित स्टाप पाईंट पर ही उक्त वाहनों का ठहराव रहेगा। इन स्टापों से ही यात्रियों को मैजिक वाहन उपलब्ध रहेंगे। डीजल मैजिक वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। जिन मार्गों के परमिट जिन मैजिक वाहनों को दिए है उसी रूट पर मैजिक वाहन संचालित होंगे। उक्त व्यवस्था जल्द ही प्रारंभ की जा रही है।
शहर की यातायात व्यवस्था सुगम हो इसके लिए डीएसपी किरण शर्मा, यातायात थाना प्रभारी सुश्री सुप्रिया चौधरी ने मंगलवार को निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, नेता सत्तापक्ष मनीष सेन, एमआयसी सदस्य व पार्षदगणों, प्रतिनिधियों के साथ बैठक ली। इस दौरान आयुक्त विशाल सिंह चौहान ने बताया कि एलएनबी क्लब से लेकर विकास नगर चौराहे तक सर्विस रोड़ के साथ पाथवे भी है सर्विस रोड़ के साथ-साथ पाथवे पर लोगों के द्वारा पार्किंग कर ली जाती है जिससे आने जाने वाले राहगिरों व वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर महापौर के द्वारा प्लान तैयार कर पार्किंग व्यवस्था को सुधारा जा सके इस पर कार्य करना होगा साथ ही पाथ वे को राहगिरों के लिए पूरी तरह पार्किंग मुक्त करना होगा। डीएसपी किरण शर्मा के द्वारा बताया शहर के व्यस्ततम मार्ग एमजी रोड़ मुख्य बाजार में प्रतिदिन यातायात का दबाव अधिक रहता है, दो पहिया व चार पहिया वाहनों के आने-जाने से पैदल चलने वाले राहगिरों को काफी कठिनाईयों को सामना करना पड़ता है साथ दुर्घटनाओं का भय बना रहता है। इस पर विचार कर महापौर, सभापति, आयुक्त, डीएसपी तथा नेता सत्तापक्ष के द्वारा तहसील चौराहे से लेकर सुभाष चौक तक एकांकी मार्ग किया जाना प्रस्तावित किया। साथ ही आयुक्त ने यह भी बताया कि एकांकी मार्ग के साथ जिन मार्गों से यातायात निकलेगा उस मार्ग की भी यातायात व्यवस्था सुधारनी होगी। महापौर ने कहा कि इस प्रकार के जनहित कार्य के प्रयोग में समस्या भी आती है उसका निदान हम सब मिलकर करेंगे। इस दौरान यातायात में बाधित अतिक्रमणों को भी हटाया जाएगा। इस प्रकार से यातायात व्यवस्था पूरी तरह शहर में व्यवस्थित हो इसका पूरा प्लान यातायात विभाग द्वारा तैयार किया गया है। जिसको शीघ्र ही कार्यप्रणाली में लाया जाएगा। साथ ही भोपाल चौराहे से लेकर रसूलपुर चौराहे तक, तथा अंबेडकर प्रतिमा से उज्जैन रोड़ इटावा तक के सभी चौराहो पर शीघ्र ही यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस दिया जाकर सख्ती से यातायात नियमों का पालन कराया जाएगा। आयुक्त विशाल सिंह चौहाने ने निगम द्वारा संचालित सिटी बस पर चर्चा करते हुए आ रही बाधाओं को भी उपस्थितों के बीच संज्ञान में दिया गया।