विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रैली का आयोजन. मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया

देवास। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला के तहत नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा देशव्यापी स्तर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्व साइकिल दिवस 3 जून के अवसर पर कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला एवं आयुक्त विशाल सिंह चौहान के मार्गदर्शन में देवास में एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिलिंग को लोकप्रिय बनाने के साथ-साथ मतदाता जागरूकता का संदेश भी रैली के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। नेहरू युवा केंद्र तथा खेल एवं युवक कल्याण विभाग, देवास के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित साइकिल रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खेल संगठनों, भारत स्काउट गाइड, एनसीसी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सयाजी द्वार पर नेहरू युवा केंद्र संगठन, मध्य प्रदेश के उप निदेशक अरविंद श्रीधर, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी हेमंत सुबीर एवं विक्रम अवार्डी सुदेश सांगते ने  रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सुभाष चौक, नाहर दरवाजा, केपी कालेज होते हुए श्रीमंत तुकोजीराव पवार खेल परिसर में समाप्त हुई। समापन अवसर पर हेमंत सुबीर ने फिट इंडिया अभियान के बारे में जानकारी दी। नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक अरविंद श्रीधर ने साइकिलिंग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया उन्होंने कहा
जिस धरती को खून पसीने से सींचा दीवानों ने।
लुटा दिया आजादी के खातिर तन-मन परवानों ने।
आओ उस धरती के आंचल को हम ठंडक पहुंचाएं।
ईंधन से तपती है धरती,चलो साइकिल अपनाएं।।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। आभार नेहरू युवा केंद्र देवास के कार्यक्रम सहायक अनिल जैन ने व्यक्त किया।